श्यामलाल पुंडीर
शिमला:बीजेपी में किसको क्या जिम्मेदारी दी जाए इसका पता ही नहीं चलता। अब सूत्रों से जानकारी मिली है कि नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हो सकते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार दिल्ली में पार्टी हाईकमान के
साथ हुई बैठक में जयराम ठाकुर को अध्यक्ष बनाए जाने पर लगभग मुहर लग गई है।अब औपचारिक घोषणा होना बाकी है। इससे पहले अध्यक्ष पद की दौड़ में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का नाम सबसे आगे चल रहाथा। लेकिन बदले सियासी समीकरण के बीच जयराम ठाकुर को पार्टी हाईकमान यह दायित्व सौंपने की तैयारी कर रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इसके बाद उनको नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी छोड़नी होगी। इस स्थिति में नेता प्रतिपक्ष के लिए 3 नामों की चर्चा चल रही है। इसमें बिपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह और सतपाल सिंह सत्ती शामिल है। कांगड़ा जिला पर बात अटकी तो बिपिन सिंह परमार और बिक्रम सिंह में से किसी एक विधायक को नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है।
कांगड़ा संसदीय सीट से पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नाम भी नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में आगे हैं। भाजपा ऐसे नेता को अगला प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है, जिसके
नेतृत्व में आगामी विधानसभा के चुनाव लड़े जाएं। नए प्रदेश अध्यक्ष को अपने विधानसभा क्षेत्र के अलावा सभी विधानसभाओं में चुनाव प्रचार के लिए समय निकालना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के लिए हाईकमान की तरफ से नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह अब शिमला आएंगे। इसके बाद निश्चित प्रक्रिया को अपनाए जाने के
बाद वह नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगे। इससे पहले भी जयराम ठाकुर 2006 से 2009 तक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन इस सप्ताह में किए जाने की पूरी संभावना है।

