Breaking
Mon. Sep 14th, 2026

पुरुवाला के दोपहरिया खड्ड ने फिर बरपाया कहर , धान की फसल बर्बाद

पुरुवाला के दोपहरिया खड्ड ने फिर बरपाया कहर , धान की फसल बर्बाद

पांवटा साहिब उप मंडल की ग्राम पंचायत डोबरी सालवाला के पुरुवाला में दुपहरिया खड्ड ने कहर बरपाया है। और किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खड्ड में अचानक आए तेज बहाव ने धान की पकी हुई फसल को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ेगा।

फूल सिंह पुत्र सुक्कड़ राम, जो कि अपने परिवार के साथ धान की खेती करते हैं, की पूरी फसल खड्ड के पानी में बह गई। फूल सिंह ने बताया कि कई महीनों की मेहनत और निवेश के बाद उनकी धान की फसल पूरी तरह से पक कर तैयार थी, लेकिन दोपहरिया खड्ड के तेज बहाव ने कुछ ही घंटों में सारी फसल को मिट्टी में मिला दिया। इसी तरह, किड्डू दीन पुत्र ईदू की धान की फसल भी पूरी तरह से बर्बाद हो गई। उन्होंने बताया कि अचानक आए पानी से फसल को बचाने का कोई मौका ही नहीं मिला।

स्थानीय किसानों का कहना है कि दोपहरिया खड्ड का पानी हर साल उनके लिए परेशानी का सबब बनता है, लेकिन इस बार नुकसान अभूतपूर्व रहा है। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद खड्ड का जलस्तर उनके खेतों की तरफ बढ़ गया, जिससे खेतों में पानी भर गया और फसलें बर्बाद हो गईं।

किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है और मांग की है कि इस प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

किसानों का कहना है कि उन्हें अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए सरकार से तुरंत मुआवजे की जरूरत है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि प्रभावित किसानों को जल्द ही राहत प्रदान की जाएगी।

Related Post