एसडीएम द्विज गोयल ने किया ध्वजारोहण, मार्चपास्ट की सलामी लेकर स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
पांवटा साहिब 15 अगस्त- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में उपमंडल स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बतौर मुख्यातिथि उपमंडल अधिकारी पाँवटा साहिब द्विज गोयल ने ध्वजा-रोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली।
इससे पूर्व एसडीएम द्विज गोयल ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
एसडीएम द्विज गोयल ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हर भारतीय के लिए गौरव और उल्लास का दिन है। 15 अगस्त 1947 को सदियों की गुलामी के बाद आज ही के दिन हमारा देश आज़ाद हुआ था। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू सहित अनेक महापुरुषों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि “शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा।”
द्विज गोयल ने कहा कि भारत आज विश्व की तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डिजिटल इंडिया, अंतरिक्ष अभियान, स्वास्थ्य, कृषि, बुनियादी ढांचे और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत अपनी मजबूत और प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का अवसर देता है। हमारा लक्ष्य ऐसा भारत बनाना होना चाहिए, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिले और देश विकसित राष्ट्रों की अग्रणी श्रेणी में शामिल हो।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब उपमंडल भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है विकास की गति को और तेज करते हुए इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए।
युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने नारी शक्ति से आत्मविश्वास और क्षमता के साथ समाज को नई दिशा देने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने बुजुर्गों के अनुभव एवं मार्गदर्शन का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि उनके अनुभव समाज की अमूल्य पूंजी हैं।उन्होंने सभी से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित पांवटा साहिब के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया जिसमें गाँव हलांह के शहीद कल्याण सिंह की वीरनारी, गाँव राजपुर के शहीद समीर कुमार की वीरमाता, गाँव सुरजपुर के शहीद शेर सिंह की वीरनारी, गाँव शखोली के शहीद भरत सिंह की वीर माता, गांव भरली के शहीद आषीश सिंह की वीर माता, गांव सनोग के शहीद रविन्द्र सिंह की वीरनारी, गांव बनोर के शहीद राजेन्द्र सिंह के वीर पिता शामिल रहे।
मार्चपास्ट के दौरान पांवटा साहिब के स्कॉलरस होम स्कूल, गुरुनानक मिशन स्कूल, बीकेडी स्कूल, शंकराचार्य शिशु निकेतन, नेशनल पब्लिक स्कूल, दून वैली स्कूल, रोज़ आर्चीड स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, डीएवी पब्लिक स्कूल, ग्लोबल एकेडमी स्कूल, द एयरो डाइट वर्ल्ड स्कूल, पीएम श्री छात्र विद्यालय के एनसीसी तथा एनएसएस के छात्र, बीबिजित कोर स्कूल, पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय, दुग्गल कैरियर स्कूल, जिंदल पब्लिक स्कूल, समार्ट पब्लिक स्कूल राजबन, त्रिवेणी पब्लिक स्कूल सहित सीनियर सिटीजन पांवटा साहिब तथा द स्कॉलरस होम स्कूल की बेंड टुकड़ी ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
मुख्यातिथि द्वारा पांवटा साहिब क्षेत्र में धरातल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने मार्चपास्ट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरप्रीत सिंह रतन, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित नगर पालिका परिषद के पार्षद, प्रधान व्यापार मण्डल अनिंदर सिह नोटी व विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा अध्यापक मौजूद रहे ।

