Breaking
Fri. Feb 20th, 2026

भाजपा का लक्ष्य आत्मनिर्भर और सशक्त भारत: सिद्धार्थन बीजेपी राजनीतिक संगठन नहीं, एक विचारधारा : बलदेव तोमर

भाजपा का लक्ष्य आत्मनिर्भर और  सशक्त भारत: सिद्धार्थन बीजेपी राजनीतिक संगठन नहीं, एक विचारधारा : बलदेव तोमर


शिलाई, सिरमौर। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य सम्मेलन में पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां संगठन की असली शक्ति जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की पंच निष्ठाएं—राष्ट्रवाद व राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र में विश्वास, गांधीवादी आर्थिक दृष्टिकोण, सर्वधर्म समभाव और मूल्य आधारित राजनीति—हर कार्यकर्ता के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं।

बलदेव तोमर ने सम्मेलन में उपस्थित सभी सक्रिय सदस्यों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पार्टी की रीढ़ बताया और आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया, जो भाजपा की परंपरा के अनुसार कार्यकर्ताओं को दिए जाने वाले सम्मान का प्रतीक है। बलदेव तोमर ने कहा कि यह सम्मेलन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा का संगठन हिमाचल के हर कोने में मजबूत और सक्रिय है।

सक्रिय सदस्य सम्मेलन में भाजपा के संगठन मंत्री श्री सिद्धार्थन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत को एक आत्मनिर्भर, आधुनिक, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की दृष्टि केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के सामाजिक और वैचारिक पुनर्निर्माण की सोच पर केंद्रित है। पार्टी एक ऐसे समाज की कल्पना करती है जो आधुनिक विज्ञान और तकनीक से युक्त हो लेकिन साथ ही भारतीय सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से भी गहराई से जुड़ा हो।

सिद्धार्थन ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में एक सक्रिय भागीदार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित रहकर समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि शिलाई जैसे सीमांत क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता पार्टी की जमीनी मजबूती को प्रदान करता है।

Related Post