पांवटा साहिब : (श्यामलाल पुंडीर)
गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब में मनाए जा रहे 341वें होला महल्ला के उपलक्ष्य में वीरवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री पांवटा साहिब द्वारा शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारों की अगुवाई मे इस कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब से हुआ। इस दौरान भव्य पालकी मे गुरु ग्रंथ साहिब को सजा कर रखा गया।
गुरुद्वारा साहिब से शुरु हुआ यह नगर कीर्तन बेंड बाजों के साथ मुख्य बाजार, वाई प्वायंट, शमशेरपुर होते बद्रीनगर और इसके बाद वहां से वापिस यह नगर कीर्तन शमशेरपूर, वाई प्वायंट, मुख्य बाजार होते हुए वापिस गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। इस दौरान संगतों ने जगह जगह सेवा के स्टॉल लगाए हुए हैं जिनमे भक्तों को प्रसाद्व व भोजन दिया जा रहा है। नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टी ने अपने हेरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को आनन्दित किया।
गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब के उपप्रधान जत्थेदार सरदार जोगा सिंह, सरदार हरभजन सिंह हरप्रीत सिंह रतन, प्रबंधक जगीर सिंह और सरदार गुरमीत सिंह ने बताया कि होला महल्ला के आयोजन गुरुद्वारे मे कार्यक्रम आरंभ हो चुके है।
उन्होने बताया कि उत्तर भारत से बड़ी संख्या मे संगत पांवटा साहिब पंहुच रही है जो गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब मे माथा टेककर सुख समृद्वि की कामना कर रही है। 14 मार्च को पूर्णिमा के अवसर पर खुले पंडाल मे बाहर दीवान सुबह साढ़े नौ बजे से सांय 4 बजे तक सजेगा तथा रात को कवि दरबार सजेगा। जिसमें उच्च कोटि के पथंक कवि अपनी सुंदर रचनाओं को सुनाकर संगतो को निहाल करेंगे। इसमें गुरू घर के महान कीर्तनीय ढाढी जत्थे, गुरमत प्रचार एंव विद्वान संगतो को निहाल करेंगे।

