हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के अमरकोट मकान मालिक के पेट में तेजधार हथियार से वार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार मकान मालिक यामीन पुत्र फैजल दीन अपने किरायेदारों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा था। तब उस पर हमला किया गया।
यामीन अपने मकान में रह रहे किरायेदारों के कमरे से शोर-शराबे को सुनकर वहां पहुंचा। बीच-बचाव करते समय उनमें से एक ने यामीन पर चाकू से दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तुरंत ही उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में हायर सैंटर रैफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी विशाल, विकास, और राहुल तीनों विकासनगर से विकास की पत्नी को लेकर पांवटा साहिब के अमरकोट पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया और जब यामीन बीच-बचाव करने गया तो उस पर हमला कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तैनात वरिष्ठ डॉक्टर पीयूष तिवारी ने पुष्टि की कि यामीन के पेट पर दो जगह चाकू से वार किए गए हैं और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सैंटर रैफर कर दिया गया है।

