पांवटा के निशानेबाज समरेश जंग के दिल्ली के घर में बुलडोजर की तैयारी चल रही है। ओल्ड राजेंद्र नगर में हादसे के बाद से दिल्ली में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। अब दिल्ली के सिविल लाइंस के खैबर पास इलाके में सैकड़ों घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी हो रही है। हालांकि, बुलडोजर चलने के खतरे को लेकर इलाके के लोग विरोध भी कर रहे हैं।
जानकारी मिली है कि जिन घरों पर दिल्ली प्रशासन बुलडोजर चलाने की तैयारी में है उनमें से एक घर राष्ट्रीय पिस्टल कोच समरेश जंग का भी है। समरेश जंग हाल ही में पेरिस ओलंपिक 2024 से वापस दिल्ली लौटे हैं।
अब घर खाली करने को 48 घंटे का समय दिया है। पेरिस ओलंपिक से वापस आने के कुछ ही घंटो बाद समरेश जंग को हैरान करने वाली खबर मिली है। समरेश जंग को घर खाली करने के लिए सिर्फ 48 घंटे का समय दिया गया है। उन्होंने कहा है कि यह एक ऐसी संपत्ति थी जिस पर हम पिछले 75 वर्षों से रह रहे थे।
पेरिस ओलंपिक 2024 में पिस्टल निशानेबाजों ने भारत के तीन पदक में से दो पदक जीते हैं जिसमें मनु भाकर ने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने के बाद सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मिश्रित टीम वर्ग में भी कांस्य पदक जीता।
पूर्व निशानेबाज समरेश जंग ने राष्ट्रमंडल खेल 2006 और 2010 में सात स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक जीतने के बाद ‘गोल्डफिंगर’ उपनाम प्राप्त किया था।
पिस्टल कोच समरेश जंग ने कहा कि साल 1978 में जमीन और ढांचा को श्री सिंह को पट्टे पर दिया गया था। तब से उन्हें हम किराया दे रहे हैं। जंग ने कहा कि मैं कानून से ऊपर नहीं हूं और अगर कानून यही कहता है तो मैं घर खाली कर दूंगा। लेकिन दो दिन का नोटिस देना कोई तरीका नहीं है। कम से कम हमें घर खाली करने के लिए कुछ महीने तो दीजिए।

