
श्यामलाल पुंडीर
पांवटा साहिब : गोंदपुर में एक खिड़की (सिंगल विंडो) कार्यालय में 9 महीने से
मेंबर सेक्रेटरी का पद रिक्त है। जिस कारण उद्योपतियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हैरानी की बात ये है कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सिरमौर जिले से ही है।
पिछले साल जून से पांवटा साहिब के गोंदपुर में स्थित उद्योग विभाग के कार्यालय में मेंबर सेक्रेटरी का पद रिक्त है इसके बाद से ये पद आज तक नहीं भरा गया है। यहां पर काम चलाने के लिए कभी-कभी नहान से जीएम इंडस्ट्री आते हैं। और अब भी अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है। इससे पांवटा साहिब के उद्योगपतियों में गहरा रोष है।
उद्योगपतियों का कहना है कि यहां पर पिछले साल से उद्योगपतियों को काम कराने में दिक्कतें आ रही है। फिर भी सरकार ने पद नहीं भरा है। इस मामले को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के सामने भी उठाया गया लेकिन उद्योग मंत्री ने भी अभी तक मेंबर सेक्रेटरी यहां पर नियुक्त नहीं किया है।
उद्यमियों का कहना है कि सरकार को मेंबर सेक्रेटरी का पद जल्द से जल्द भरना चाहिए। क्योंकि पद खाली होने से यहां के उद्योगपतियों को परेशानी हो रही है।यहां पर कई छोटे बड़े उद्योग हैं और लोगों को रोज काम पड़ता है।
उद्यमियों को फाइलों के लिए नाहन के
चक्कर काटने पड़ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा साहिब ने उद्योग मंत्री से प्राथमिकता के आधार पर रिक्त पद को भरने की मांग की है।
हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज पांवटा साहिब इकाई के प्रधान सतीश गोयल व महासचिव नवीन अग्रवाल समेत उद्योगपतियों का
कहना है कि सिंगल विंडो कार्यालय खुलने से काफी सुविधा मिलती रही है। इससे उद्योगों को मिलने वाली विभिन्न मंजूरियां व अनुमतियां लेने में देरी’ नहीं होती थी। सिंगल विंडो सिस्टम से विभागों जैसे
पर्यावरण, भूमि, बिजली व जल शक्ति विभागों के बीच बेहतर समन्वय रहता है। लेकिन पिछले वर्ष जून 2025 से गोंदपुर पांवटा साहिब सिंगल विंडो में सदस्य सचिव का पद रिक्त पड़ा हुआ है।
पद रिक्त होने से उद्यमियों को दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पद रिक्त होने पर सिंगल विंडो से प्रस्तावों को आगे बढ़ाने में दिक्कतें आ रही हैं। कई बार महत्वपूर्ण फाइलें अटकी रहती हैं। सतीश गोयल ने बताया कि इकाइयों से जुड़ी समस्याओं के निपटारे के लिए जिला मुख्यालय नाहन के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
सदस्य सचिव का पद रिक्त पड़े होने से
समन्वय भी कमजोर पड़ जाता है। रिक्त पद भरे जाने तक काला आंब से सदस्य सचिव को सप्ताह में तीन दिन गोंदपुर पांवटा साहिब कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर भेजने की मांग भी की है।

