पांवटा साहिब : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह ने रविवार को भाजपा मंडल पांवटा साहिब की नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी। इस मौके उन्होंने कहा कि नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने सबसे पहले सभी कार्यकर्ताओं से परिचय लिया और कार्यकर्ताओं ने भी स्वयं को भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 30,000 करोड़ रुपये का लोन लिया है, लेकिन इसका सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनविरोधी कार्य कर रही है और पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए कई संस्थानों को बंद कर दिया गया। इनमें स्कूल, कॉलेज, पटवार सर्कल, कानूनगो सर्कल और बिजली बोर्ड की विभिन्न पोस्ट शामिल हैं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की सुविधा के लिए कई संस्थान खोले थे, ताकि लोगों को घर-द्वार पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके, लेकिन सुक्खू सरकार ने उन्हें खत्म कर दिया है, जिससे आम जनता को भारी नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की लोकप्रिय योजनाएं जैसे हिमकेयर, सहारा योजना और गृहणी योजना को बंद कर दिया गया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी नुकसान हो रहा है। हिमकेयर योजना के तहत 9 लाख लोगों ने इलाज करवाया था, लेकिन अब इसका लाभ बंद कर दिया गया है।
सुखराम चौधरी ने यह भी बताया कि भगानी से विकासनगर का पुल बनकर तैयार है, लेकिन प्रदेश सरकार अब तक उसकी जमीन का अधिग्रहण नहीं कर पाई है, जिससे जनता को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नए टैक्स लगाकर जनता पर बोझ डाल दिया है।
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश का बुरा हाल कर दिया है। उन्होंने पेंशन योजना को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद लिखित में कहा था कि वे पेंशन देंगे, लेकिन लाहौल-स्पीति की 1500 महिलाओं को अब तक पेंशन नहीं मिली।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने विधानसभा में क्षेत्र की समस्याओं को बार-बार उठाया, लेकिन राज्य सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण सैकड़ों बीघा भूमि, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब तक कोई भी सहायता नहीं दी है।
इस मौके पर पूर्व विधायक फतेह सिंह,मदन मोहन शर्मा, ओपी कटारिया,अनिल सैनी ,अरविंद गुप्ता,देवेंद्र चौधरी,नरेश खापड़ा, महामंत्री पवन चौधरी, रोहित चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, नवीन शर्मा, सोमनाथ, मयंक महावर और मीडिया प्रभारी सुखविंदर चौधरी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, लेकिन जनता को कोई राहत नहीं मिल रही।

