
पांवटा साहिब : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पांवटा क्षेत्र में नशे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पांवटा सुखराम चौधरी और एसडीएम पांवटा को ज्ञापन भी सौंपा। विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट रूप से कहा कि नालागढ़ में ड्रग माफ़िया को पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता का खुला संरक्षण मिल रहा है। युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेलने वाले इन अपराधियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में गहरी नाराजगी है।
परिषद ने मांग की कि प्रशासन अविलंब ड्रग माफ़िया के विरुद्ध विशेष अभियान चलाए, सभी ड्रग पेडलर्स को गिरफ़्तार किया जाए, नशे के अड्डों पर छापेमारी की जाए और इस गंदे खेल में सम्मिलित बड़े सरगनाओं को बेनकाब किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो एबीवीपी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और इसका पूरा ज़िम्मेदार प्रशासन होगा।
एबीवीपी ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पांवटा की धरती पर नशे का कारोबार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्रातिशीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी। अब समय आ गया है कि सरकार और प्रशासन नींद से जागे और नशे के सौदागरों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए।
