भारत के मानक ब्यूरो का देहरादून शाखा कार्यालय पांवटा साहिब में 23 सितंबर को होटल पाल रॉयल रिसॉर्ट, में विश्व मानक दिवस के अवसर पर ‘मानक महोत्सव’ का आयोजन करने जा रहा है। इस वर्ष का विषय, “एक बेहतर दुनिया के लिए साझा दृष्टिकोण,” सतत विकास लक्ष्य उद्योग, नवाचार और अवसंरचना के साथ निकटता से जुड़ा हुआ है। बता दें कि यह कार्यक्रम मानकों, नवाचारों और विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर केन्द्रित है।
गौर हो कि एसडीजी 9 यह बताता है कि कैसे मजबूत अवसंरचना का निर्माण, स्थायी औद्योगिकीकरण और नवाचार को बढ़ावा देता है। साथ ही यह दर्शाता है कि कैसे प्रौद्योगिकी में प्रगति आर्थिक विकास में योगदान कर सकती है, जबकि पर्यावरणीय स्थिरता को सुनिश्चित करती है। इसी प्रकार इस विषय को अपनाते हुए, मानकों की भूमिका दिन-प्रतिदिन और अधिक महत्वपूर्ण होती जा रही है। ये गुणवत्ता आश्वासन, सुरक्षा और पारस्परिकता का ढांचा प्रदान करते हैं, जो प्रभावी औद्योगिक प्रथाओं और नवाचार के लिए आवश्यक हैं। इस बारे में देहरादून शाखा कार्यालय के प्रमुख और निदेशक सौरभ तिवारी ने गुणवत्ता के महत्व को उजागर किया है।
उन्होंने सभी से बीआईएस के साथ विश्व मानक दिवस मनाने का आह्वान भी किया है। उन्होंने कहा कि “गुणवत्ता हमारा अधिकार है” तथा इन अधिकारों के बारे में अधिक जानने के लिए सभी को मानक महोत्सव में शामिल होना चाहिए। बताते चलें कि मानक महोत्सव में विभिन्न विषयों पर बातचीत की जायेगी। इस में उद्योगपति, नवोन्मेषकों और नीति निर्माताओं को चर्चा का अवसर मिलेगा। जहां वे एआई और सतत विकास के संबंध में मानकों के भविष्य पर सार्थक संवाद कर सकेंगे। औद्योगिक क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों को उदाहरण देकर समझाया जायेगा। साथ ही तकनीकी विकास में उद्योगों को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है इस पर भी चर्चा होगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस में जुड़ने का आह्वान किया है।

