अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के ट्रांस अरुणाचल हाईवे पर तापी गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेना का एक ट्रक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक में सवार सेना के 3 जवान शहीद हो गए। कई अन्य घायल हो गए।
सेना के सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान हवलदार नखत सिंह, नायक मुकेश कुमार और ग्रेनेडियर आशीष कुमार के रूप में हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना का वाहन ऊपरी सुबनसिरी के जिला मुख्यालय शहर दापोरिजो से लेपराडा जिले के बसर की ओर जा रहा था तभी यह हादसा हुआ।
इस हादसे में जम्मू और राजस्थान राज्य के दो जवान और हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र आंजभोज के शिवा पंचायत के अंतर्गत भरली गांव के 25 वर्षीय वीर सपूत आशीष कुमार देश की सेवा में शहीद हो गये।अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए जवानों ने देश को अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
आशीष की शहादत से जुड़वां भाइयों की जोड़ी भी टूट गई है। शहीद का जुड़वां भाई रोहित एक निजी कंपनी में सेवारत है। आशीष कुमार का जन्म 14 मार्च 1999 को हुआ और वे वर्तमान में 19 ग्रेनेडियर बटालियन के अधीन अरूणाचल प्रदेश में सेवारत थे। करीब 6 साल पहले आशीष सेना में भर्ती हुआ। शहीद आशीष के पिता स्वर्गीय श्याम सिंह का पहले ही निधन हो चुका है और अब परिवार में उनकी मां, बड़े भाई राहुल व जुड़वां भाई रोहित तथा बहन पूजा हैं। बहन पूजा वन विभाग में बतौर वनरक्षक तैनात है।
शहीद आशीष की पार्थिव देह वीरवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पार्थिव शरीर को बुधवार शाम तक दिल्ली तक हवाई मार्ग से लाया जा सकता है तत्पश्चात वीरवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव देह को पैतृक गांव के लिए रवाना किया जाएगा।
भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई उपाध्यक्ष नरेंद्र चौहान ठुंडू ने कहा कि हम 19 ग्रेनेडियर के नुमाइंदों तथा परिवार से लगातार संपर्क में है ताकि शहीद की पार्थिव देह जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंच सके। पार्थिव देह की अंतिम यात्रा तक संगठन के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।

