हिमाचल प्रदेश के किसानों और भयंकर गर्मी से परेशान आम जनता को जल्दी राहत मिलने वाली हैं। हिमाचल में 20 से 22 जून के बीच दक्षिण पश्चिम मानसून प्रवेश करेगा। इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान सामान्य बारिश के आसार हैं।
मानसून से पहले15 जून से प्री मानसून बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि केरल में प्रवेश करने के बाद से मानसून की रफ्तार सामान्य है।
संभावना है कि हिमाचल प्रदेश में भी मानसून समय से पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि 15 से 20 जून के बीच बारिश में बढ़ोतरी होगी। जून के अंतिम सप्ताह में ज्यादा बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर सामान्य से अधिक बारिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस बार गर्मी ज्यादा रही है और बारिश कम हुई। ऐसे में मानसून के दौरान सामान्य बारिश की संभावना है। पिछले वर्ष 24 जून को मानसून ने हिमाचल में दस्तक दी थी।

