आज फिर एक उपलब्धि आंज भोज के नाम जुड़ गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज
यहां प्रसिद्ध लेखिका मीनाक्षी चौधरी और प्रतिभाशाली युवा लेखिका सिरिशा चौहान (19 वर्ष) के सहयोग से लिखी गई पुस्तक का विमोचन किया। ‘पहाड़ों की रानी’ शिमला पर केंद्रित यह पुस्तक शिमला इन्वेस्टिगेटर्स सिरीज़ का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने इस साहित्यिक कृति को तैयार करने में युवा लेखिका के कौशल व समर्पण की सराहना की
यह पुस्तक ‘द डेडली किटी’ (The Deadly Kitty) मीनाक्षी चौधरी एवं डॉ. वाई. एस. परमार औद्यौगिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, सोलन की बी.एस.सी. द्वितीय वर्ष की छात्रा सिरिशा चौहान के सहयोग से लिखी गई है। इस किताब में महिलाओं की किट्टी पार्टी के संसार की रोमांचक यात्रा का वर्णन है जो हत्या, रहस्य और साजिश जैसे पहलुओं पर आधारित हैं।
यह बच्चों में लेखन विधा के विकास को बढ़ावा देने के लिए मीनाक्षी चौधरी और कीकली चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे एक कार्यक्रम का प्रतिफल है।
सिरिशा चौहान सिरमौर जिला के पोटा साहिब के बनौर गाव से सम्बन्ध रखती है उनके पिता श्री राजेन्द्र चौहान शहरी विकास विभाग में परियोजना अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं तथा मां योगिता गृहिणी हैं। सिरिशा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, दादा जी, मिनाक्षी चौधरी, वन्दना भांगड़ा तथा कीकली ट्रस्ट को दिया।

