हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश को माफी मांगनी पड़ी। क्योंकि धूमल ने उन पर अदालत में एक करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज किया था। हालांकि इस मामले की सुनवाई चार नवंबर को होगी।
पूर्व सीएम धूमल का कहना है कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने हमीरपुर के समीरपुर में उनसे मिलकर पूर्व में प्रेस वार्ता में लगाए आरोपों को वापस ले लिया है। इसके लिए उन्होंने खेद भी जताया है और एक माफीनामा भी दिया है। मैंने भी उन्हें माफ कर दिया है।
जयराम रमेश ने 2 अगस्त 2015 को मीडिया में धूमल और उनके बेटे अनुराग ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए थे। धूमल ने इन आरोपों को झूठ और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया था। जयराम रमेश के आरोपों के खिलाफ धूमल ने शिमला स्थित जिला अदालत में अपने अधिवक्ता सुधीर ठाकुर के माध्यम से मानहानि की याचिका दायर की थी। 11 सितंबर 2023 को हाईकोर्ट में पेश न होने पर जयराम रमेश पर 5,000 रुपये जुर्माना भी लग चुका है।

