Breaking
Thu. Apr 2nd, 2026

दरवाजा खोल दिल का :संगीत की दुनिया में उभरती एक आवाज

पांवटा साहिब: संगीत की दुनिया में उभरती आवाज संगीत प्रेमियों के लिए परिचय की मोहताज नहीं रही है। पारंपरिक पहाड़ी गीत हों या फिर विभिन्न मेलों की सांस्कृतिक संध्याएं, श्रुति अपनी आवाज का जादू लगातार बिखेर कर दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाती जा रही है। इसका स्पष्ट उदाहरण उनके कुछ माह पूर्व ही रिलीज किए गए गीत की बढ़ती लोकप्रियता से लग रहा है।

श्रुति के आफिशियल पेज ‘श्रुति शर्मा आफिशियल’ पर रिलीज किए गए कवर सॉंग ‘दरवाजा खोल दिल का’ पहाड़ी नॉन स्टॉप मैशअप के 1 मिलियन से अधिक व्यूज़ हो गए हैं। इसके लिए उन्होंने बकायदा अपने दर्शकों का आभार व्यक्त किया है।
जिला सोलन के दाड़लाघाट में अपने माता-पिता सुनीता शर्मा व हंसराज शर्मा के साथ रह रही श्रुति मूलत: जिला बिलासपुर के घुमारवीं की निवासी हैं। बचपन से ही श्रुति को संगीत में बेहद रुचि थी और इसके चलते उसने विभिन्न मंचों सहित प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू कर दिया था। अपनी रुचि को करियर का रूप देने में उसके माता-पिता का पूरा सहयोग रहा और उन्होंने हर कदम पर उसके साथ डट कर खड़े रहे।

वर्तमान में श्रुति बिलासपुर कालेज में बीए म्युजिक के अंतिम वर्ष में है और उसके बाद वह म्युजिक में ही एमए करना चाहती है। यूजिक को ही करियर बना रही श्रुति बचपन से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी है और उनकी विजेता भी रही है।
श्रुति वर्ष 2017 में वॉयस आफ जिला बिलासपुर भी रह चुकी है। वह हिमाचली पहाड़ी गीतों के वीडियो निकालने के साथ-साथ प्रदेश व प्रदेश से बाहर भी विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है और रोहनप्रीत सिंह, सरतिंदर सरताज व कुमार साहिल सरीखे गायकों के साथ मंच साझा कर चुकी है।

श्रुति शर्मा ने बताया कि बचपन के शौक को अब करियर के रूप में अपना रही हूं। दर्शकों का प्यार मिल रहा है, जिसके लिए सभी का आभार। श्रुति ने बताया कि उसे हमेशा अपने माता-पिता व बहन का सहयोग मिलता रहा है।

Related Post