पांवटा साहिब: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में आज सुबह शिलाई गांव का जवान प्रमोद नेगी शहीद हो गया। इसकी सूचना मिलने के बाद पूरे गिरिपार व शिलाई गांव में शोक की लहर है।
शिलाई गांव से संबंध रखने वाला आर्मी जवान 26 वर्षीय प्रमोद नेगी पुत्र देवेंद्र नेगी शहीद हुए हैं। जिसकी सूचना इंडियन आर्मी द्वारा उनके घर व गांव तक पहुंचा दी गई है। जिसके बाद शहीद के परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पूरा गांव व क्षेत्र के दूर-दूर के लोग पहुंच रहे हैं।
प्रमोद नेगी 6 वर्ष पूर्व भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह अभी अविवाहित थे, हालांकि उनका भरा पूरा परिवार है। आज प्रमोद नेगी की शहादत ने सबको गमगीन किया है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए हैं। इसके अलावा चार जवान जख्मी भी हुए है। घायल जवानों को इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच यह मुठभेड़ हो रही है। जम्मू क्षेत्र में भाटा धूरियन के तोता गली इलाके में आतंकियों ने सेना के जवानों पर घात लगाकर हमला कर दिया था, जिसके बाद यह इलाके में छुपे आतंकियों को बाहर निकालने के लिए लगातार ऑपरेशन जारी है।
राजौरी सेक्टर के कंडी जंगल में आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना पर 3 मई को एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। 5 मई को सुबह करीब 7:30 बजे एक खोज दल को गुफा में छुपे आतंकवादियों की जानकारी हुई। यह गुफा खड़ी चट्टानों में बनी है।
सेना के जवानों ने जब वहां पहुंचकर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की तो उन्होंने बम धमाका कर दिया। इस हमले में एक अधिकारी समेत चार सैनिक जख्मी हो गए, वहीं दो जवान शहीद हो गए।

