हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब (कोएजुकेशनल तथा सीबीएसई द्वारा मान्यता प्राप्त) ने बच्चों की स्वास्थ्य रक्षा की दिशा में एक नई पहल शुरू की हैं। कहा जाता है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है ।
इसी सूक्ति को ध्यान में रखकर गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल में श्री साईं ग्रुप ऑफ़ हॉस्पिटल के प्रोजेक्ट स्कूल स्टूडेंट्स हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जा रहा है। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के 1000 से अधिक बच्चों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जा चुका है तथा अन्य छात्रों का परीक्षण आने वाले दिनों में होगा। विद्यालय की मेन ब्रांच तथा देवी नगर ब्रांच में यह परीक्षण जारी है।
श्री साईं ग्रुप ऑफ़ हॉस्पिटल के निदेशक डॉक्टर दिनेश बेदी ने बताया कि स्कूल स्टूडेंट्स हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम के अंतर्गत जिला सिरमौर के स्कूली छात्र छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं ।उनके द्वारा उठाया गया यह एक सराहनीय कदम है ।कोविड-19 के बाद इस प्रकार के प्रयासों की बहुत अधिक आवश्यकता है।
पांवटा साहिब में स्थित श्री साईं कार्डियक एवं क्रिटिकल केयर सेंटर के अनुभवी डॉक्टरों के द्वारा बच्चों की नेत्र जांच दंत रोग जांच तथा सामान्य जांच की जा रही है। इसके साथ ही बच्चों के एचबी टेस्ट भी किए जा रहे हैं।
विद्यालय के निदेशक गुरजीत सिंह सैनी तथा प्रधानाचार्या गुरविंदर कौर चावला ने इस हेल्थ और वैलनेस प्रोग्राम की सराहना की और कहा कि इसके माध्यम से हम बच्चों में उत्पन्न होने वाली बीमारियों का समय रहते ही पता लगा सकते हैं तथा उनका उपचार कर सकते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय भरसक प्रयास कर रहा है ।विद्यालय ने अभिभावकों से भी बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों से जुड़ने का अनुरोध किया है।

