जिला सिरमौर की सबसे हॉट सीट पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 8 दिसंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तारुवाला में होगी। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस विधानसभा क्षेत्र में 103 बूथ हैं और मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं मतगणना 8 राउंड में पूरी होगी। आखरी आठवें राउंड में पांच बूथ ही रह जाएंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तारुवाला में होगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना को पारदर्शिता से संपन्न करने के
उद्देश्य से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पर्यवेक्षक, मीडिया रूम व
एकत्रित लोगों के लिए भी जगह चिह्नित कर दी गई है। समय-समय पर मीडिया व लोगों को अलग- अलग राउंडस की मतगणना होने पर सूचित किया जाएगा।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्कूल के हाल, चैंबर और टेबल्स की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही मतगणना संबंधित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के बैठने
के इंतजाम भी कर लिए गए हैं। मतगणना स्टाफ के आने-जाने के लिए अलग से रास्ता बनाया गया है। स्ट्रांग रूम से ईवीएम मशीन लाने के लिए अलग से रास्ता होगा ताकि
इनका आपस में किसी भी तरह का कोई हस्तक्षेप न हो सके।
इसके अलावा मतगणना स्थल के बाहर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जायेंगे।ताकि किसी भी पक्ष में आपसी टकराव ना हो सभी पक्षों के लिए अलग-अलग जगह बाहर भी निर्धारित की जाएगी।

