
पांवटा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का आज समापान हो गया। उर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पहले यमुना आरती में भाग लिया और माँ यमुना की पूजा अर्चना की।
इसके पश्चात उन्होंने नगर परिषद मैदान में आयोजित तीसरी सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस दौरान कुलदीप शर्मा ने गीतों से दर्शकों को नचाया।
इससे पहले ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा वर्तमान प्रदेश सरकार ने ही 2018 में दिया था जिसके बाद से इसे राज्य स्तरीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कोरोना काल के दौरान वर्ष 2020 में इस महोत्सव का आयोजन नहीं हो पाया था परन्तु इस वर्ष राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव समिति द्वारा इसका भव्य आयोजन किया गया जिसके उन्होंने समिति को बधाई दी।
इसके पहले ऊर्जा मंत्री ने महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उपमण्डल दण्डाधिकारी एवं सदस्य सचिव राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव समिति विवेक महाजन ने मुख्यातिथि का शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव महोत्सव में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें 04 राज्यों की 07 टीमों ने भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में विजेता टीम साई धर्मशाला रही जिसे मुख्यातिथि द्वारा 51000 रूपए के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार दूसरे स्थान पर कल्याण स्पोर्ट्स अकादमी मेरठ की टीम रही जिसे 31000 रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई।
ऊर्जा मंत्री ने कलश यात्रा में की शिरकत
सांस्कृतिक संध्या से पहले, ऊर्जा मंत्री ने यमुना शरद महोत्सव समिति द्वारा पांवटा शहर में आयोजित की गई कलश यात्रा में शिरकत की। यह कलश यात्रा शहर के वाई प्वाइंट से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए यमुना घाट पर संपन्न हुई। यमुना घाट पर भजन संध्या का आयोजन कर माँ यमुना की पूजा की गई। एसडीएम विवेक महाजन इस आयोजन को सफल बनाने के लिए रात दिन जुटे रहे। इसके अलावा एएसपी सोमदत्त भी लगातार कानून व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, सचिव ओबीसी मोर्चा हिमाचल प्रदेश सुभाष चौधरी, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष रमेश तोमर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पवन चौधरी, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।
